पीडीए के सहारे 2027 की तैयारी, सपा नेता बोले—एनडीए को हराकर बनाएंगे पूर्ण बहुमत की सरकार |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

Ad image

कायमगंज/फर्रुखाबाद/

मौसम की गर्मी भले ही कम होने लगी हो, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की सियासी गर्मी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। चुनाव की आधिकारिक घोषणा अभी दूर है, लेकिन राजनीतिक दलों ने गांवों और कस्बों में जनसंपर्क और सभाओं के जरिए अपनी जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुरौरी, सिवारा रोड कंपिल और सिकंदरपुर में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायतों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, फतेहपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दलजीत निषाद शामिल हुए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पीडीए समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि पीडीए समाज अपने हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पीडीए समाज एकजुट होकर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के खिलाफ मतदान करेगा।

दलजीत निषाद ने सरकार पर निशाना साधते हुए किसान, नौजवान और रोजगार के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और आलू किसान कर्ज के दबाव में परेशान है। उन्होंने बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक को भी युवाओं के लिए गंभीर समस्या बताया। उन्होंने सरकार पर किसानों की आत्महत्या से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता आने वाले चुनाव में सरकार की कथनी और करनी का हिसाब लेगी।

उन्होंने कहा कि पीडीए समाज अब राजनीतिक परिस्थितियों को समझ चुका है और आगामी चुनाव में एकजुट होकर अपना निर्णय सुनाएगा। दलजीत निषाद ने दावा किया कि पीडीए ही एनडीए को हराएगा और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।

‘थाने-तहसील भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए’

कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व विधायक अजीत कठेरिया ने भी प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों और तहसीलों में भ्रष्टाचार बढ़ गया है तथा आम जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने लेखपाल और पंचायत सचिवों पर गांवों में कथित एजेंटों के माध्यम से लोगों से वसूली कराने के आरोप लगाए।

अजीत कठेरिया ने कहा कि भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जनता में नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पीडीए समाज समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में एकजुट होगा और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। उन्होंने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने का भी दावा किया।

किसान-नौजवान के मुद्दे पर सरकार को घेरा

पूर्व जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा ने छात्रों को लैपटॉप देने से लेकर सड़क और एक्सप्रेस-वे निर्माण तक विकास के कई काम किए। उन्होंने वर्तमान सरकार के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।

जन पंचायतों में पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, पूर्व जिला कार्यकारिणी सदस्य बबलू कठेरिया, पूर्व जिला सचिव एवं प्रधान नाजिम कुरैशी, इंद्रेश यादव, प्रधान रियासुद्दीन, डॉ. मुन्नालाल बाथम, अनुराग बाथम, मानसिंह बाथम, रामभरोसे बाथम, भूपाल सिंह शाक्य, डॉ. किशनपाल कश्यप, जहीर खान सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और गांव-गांव संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। पंचायतों में चुनावी रणनीति के साथ-साथ किसान, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पीडीए से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *