जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, नागरिक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना

2 Min Read

जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, नागरिक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना

एटा। आगामी जनगणना 2027 को समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य ने 7 मई से 22 मई तक शुरू होने वाली स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिक अब ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।

स्व-गणना के लिए नागरिकों को परिवार के मुखिया के नाम और मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। इसके बाद भाषा चयन, ओटीपी सत्यापन और लोकेशन चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विशेष रूप से कहा गया कि चयनित भाषा और प्रारंभिक विवरण बाद में बदले नहीं जा सकेंगे, इसलिए जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी।

अपर जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि पोर्टल पर उपलब्ध मैप के जरिए अपने निवास स्थान की सटीक पहचान दर्ज करना अनिवार्य है। प्रश्नावली भरने के बाद पूर्वावलोकन (Preview) कर त्रुटियों का परीक्षण कर अंतिम सबमिशन किया जाएगा। सफल सबमिशन के बाद एक यूनिक SE ID जनरेट होगी, जिसे जनगणना कर्मी के सत्यापन के समय साझा करना जरूरी होगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्व-गणना का प्रचार-प्रसार विभिन्न माध्यमों से व्यापक रूप से किया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने विभागों के समन्वय और सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, उपजिलाधिकारी/तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं मुख्य प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *