शिक्षक के घर चोरी करने घुसे बदमाशों का तांडव; फायरिंग और सरिया के हमले में दो भाई गंभीर, दो आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

राजेपुर/फर्रुखाबाद |

थाना क्षेत्र के कुंइया गांव में एक शिक्षक के घर में चोरी करने घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर दो भाइयों पर हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने गोली भी चलाई और सरिया से हमला किया।जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से दो बदमाशों को पकड़ लिया गया है,

घायल युवकों की पहचान देवेश पाठक के पुत्र वैभव पाठक (प्राथमिक शिक्षक) और भानु प्रताप पाठक (सॉफ्टवेयर इंजीनियर) के रूप में हुई है।

उनके चाचा और शिक्षक नेता भूपेश पाठक ने बताया कि चोर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। खटपट की आवाज सुनकर वैभव पाठक जाग गए और चोरों से भिड़ गए। चोरों ने उन पर सरिया से हमला कर दिया।वैभव की चीख-पुकार सुनकर उनके भाई भानु प्रताप पाठक भी जाग गए और चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरा देखकर चोरों ने कथित तौर पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों भाई घायल हो गए। छोटे भाई भानु प्रताप पाठक के कंधे में गोली लगी है, जबकि बड़े भाई वैभव पाठक के चेहरे पर चोट आई है।दोनों घायल भाइयों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लोहिया रेफर किया गया, जहां इमरजेंसी में उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।

ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रदीप राजपूत ने बताया कि भानु को गोली लगने की संभावना है, जिसकी पुष्टि के लिए एक्स-रे कराया जाएगा। परिजनों ने बताया कि वैभव प्राथमिक विद्यालय शेरखार गौंटिया में शिक्षक हैं और भानु प्रताप नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जो वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी और अवैध असलहे भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलवंत पुत्र अवध बिहारी (25) और उमेश पुत्र हरिनाम (45) निवासी बीबीपुर, थाना अमिलिया सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़ा।

अमिलिया सुल्तानपुर एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी काफी शातिर किस्म के चोर हैं। इनके खिलाफ स्थानीय जनपद में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड में दोनों हिस्ट्रीशीटर भी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और हाल की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जानकारी मिलते ही एसपी आरती सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *