स्व. चंद्र प्रकाश अग्रवाल एवं स्व. शकुंतला देवी अग्रवाल की स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, कृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग ने बांधा समां |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

नगर के सीपी गेस्ट हाउस में स्वर्गीय चंद्र प्रकाश अग्रवाल एवं स्वर्गीय शकुंतला देवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में निरंतर जारी है। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कर भावविभोर हो रहे हैं।

यह धार्मिक आयोजन वरिष्ठ जिला संरक्षक, प्रमुख समाजसेवी एवं उद्योगपति सत्य प्रकाश अग्रवाल तथा भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश चेयरमैन, पूर्व महिला आयोग सदस्य एवं नगर पालिका परिषद कायमगंज की तीन बार की पूर्व चेयरमैन डॉ. मिथिलेश अग्रवाल के संयोजन में संपन्न हो रहा है। आयोजन स्थल पर भव्य धार्मिक सजावट और भक्तिमय वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।

कथा व्यास महंत श्री सुदर्शन दास जी महाराज, राधा सर्वेश्वर पीठ गोवर्धन, अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान करा रहे हैं। उनके ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो रहे हैं। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव प्रसंग का अत्यंत मार्मिक और भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।

कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक खुशियां मनाईं। जन्म प्रसंग के दौरान बिस्कुट, टॉफियां एवं प्रतीकात्मक रूप से रुपए उछालकर भक्तों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जन्म प्रसंग का वर्णन सुनकर मंत्रमुग्ध हो गए। पूरा हॉल भक्तिरस में डूबा नजर आया।

इस अवसर पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री एवं जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री, जिला मंत्री नीरज राठौर, जिला संरक्षक शंभू शरण अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, सरस्वती वर्मा, अर्चना चौहान, ऋषिपाल सिसोदिया सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कथा व्यास महंत श्री सुदर्शन दास जी महाराज द्वारा कई अतिथियों का पटका पहनाकर सम्मान भी किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रमुख रूप से आदेश अग्निहोत्री, सरस्वती वर्मा और अर्चना चौहान शामिल रहे।

कथा के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का यह आध्यात्मिक आयोजन 17 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *