चटनी सॉस जैम जेली अचार पर विशेष प्रवर्तन अभियान, 2 प्रतिष्ठान से 6 नमूने संग्रहित किये गये
अलीगढ़ । आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0 लखनऊ के निर्देश के अनुपालन में सोमवार को जिले में खाद्य पदार्थ चटनी, सॉस, जैम, जेली, अचार पर विशेष प्रवर्तन अभियान सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह तोमर के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। अभियान के दौरान 02 टीमों का गठन कर अभिसूचना आधारित कार्यवाही सम्पादित की गई।
खाद्य टीम 01 द्वारा खाद्य पदार्थ व्हाइट विनेगर रिया गोल्ड का 01नमूना, रेड ग्रीन सॉस रिया ब्रांड का 01 नमूना व समोसा मसाला बीएमबी ब्रांड का 01 नमूना राजकुमार वर्मा पुत्र श्री करन सिंह निवासी 10/1646 दिल्लीगेट थाने के पीछे थाना दिल्लीगेट पोस्ट शिक्षक बंधु अलीगढ़ से खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष कुमार गंगवार एवं त्रिभुवन नारायण द्वारा संग्रहित किया गया। मौके पर रेड ग्रीन सॉस रिया ब्रांड मात्रा 920 किलोग्राम मूल्य 21240 को सीज एवं अस्वच्छकर परिस्थितियों में संग्रहित 150 किलोग्राम मूल्य 2250 रुपये को मौके पर नष्ट कराया गया।
खाद्य टीम 02 द्वारा खाद्य पदार्थ मीठी चटनी का 01 नमूना, हरी चटनी का 01 नमूना व सोया सॉस का 01 नमूना (निर्माणशाला से) विशाल चावला पुत्र श्री हरिराम चावल निवासी- मोहल्ला दुर्गाबाड़ी गली नंबर 2 मैरिस रोड थाना क्वार्सी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील शर्मा, महेश कुमार एवं दलबीर सिंह द्वारा संग्रहित किया गया। मौके पर मीठी चटनी मात्रा 180 लीटर मूल्य 4998 को नष्ट कराया, 39 पैक बॉक्स कुल 464 बोतल मूल्य 11600 सीज किया गया, खाद्य पदार्थ हरी चटनी 108 लीटर मूल्य 4300, सीज व नष्ट 200 लीटर मूल्य 8000, खाद्य पदार्थ सोया सॉस 105 लीटर मूल्य 3500 सीज किया गया। दोनों प्रतिष्ठानो को नोटिस जारी की गई। इस प्रकार कुल 06 नमूने संग्रहित कर राजकीय प्रयोगशाला प्रेषित किये गए जिसकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
