कंपिल/फर्रुखाबाद।
दीपावली के त्योहार पर पटाखे चलाने के दौरान जरा सी लापरवाही एक मासूम बच्चे के लिए भारी पड़ गई। घर पर ही पटाखे जला रहा छह वर्षीय बालक अचानक आग की चपेट में आकर झुलस गया। बच्चे के कपड़ों में आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए कंबल डालकर आग बुझाई और आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार कंपिल कस्बे के मोहल्ला मांझगांव निवासी दिनेश का छह वर्षीय पुत्र शिव गुरुवार दोपहर करीब दो बजे घर पर ही पटाखे चला रहा था। इसी दौरान एक पटाखे से निकली चिंगारी और आग उसके कपड़ों तक पहुंच गई। देखते ही देखते उसके कपड़ों में आग लग गई। आग की लपटें देखकर मासूम घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और कंबल डालकर आग बुझाई।
इस हादसे में शिव का दाहिना कंधा और कंधे के नीचे का हिस्सा झुलस गया। घटना के बाद घबराए परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. जितेंद्र बहादुर ने बालक का उपचार किया।
