दरिंदगी: युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर किया गैंगरेप, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

राजेपुर/फर्रुखाबाद/

जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि युवती को बहला-फुसलाकर बुलेरो गाड़ी से फतेहगढ़ ले जाया गया, जहां एक होटल में उसे नशीला पदार्थ खिलाकर पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, आरोपी उसे उसके गांव से बुलेरो गाड़ी में बैठाकर फतेहगढ़ स्थित एक होटल में ले गए। वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे जबरन नशीला पदार्थ खिलाया गया। युवती के अचेत होने के बाद आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने घटना का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और किसी को भी घटना की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सहमी युवती ने साहस जुटाकर राजेपुर थाने पहुंचकर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी अजीत पुत्र हलसिंह निवासी दारापुर को पचाल घाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के प्रकाश में आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *