फर्रुखाबाद न्यूज़:- मायके गई थी पत्नी, पीछे से मजदूर ने आम के पेड़ से लटककर दी जान |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कम्पिल/फर्रुखाबाद/

थाना क्षेत्र के गांव सिसईया नगला में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब गीता पुरम कॉलोनी के पीछे स्थित एक आम के बाग में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। सूचना पर कम्पिल थाना पुलिस और सिटी इंचार्ज हरीश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

मृतक की पहचान उमेश पुत्र श्रीकृष्ण जाटव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने अपनी ही शर्ट का फंदा बनाकर पेड़ से लटककर जान दी। हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार उमेश दिहाड़ी मजदूरी (बेलदारी) कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी पिंकी और चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले उसकी पत्नी किसी पारिवारिक कारण से अपने मायके चली गई थी। घटना के पीछे क्या यही वजह है या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

पुलिस ने मौके की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और नमकीन का पाउच बरामद किया है, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े हर पहलू की सच्चाई सामने आ सके।

सिटी इंचार्ज हरीश कुमार ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से हर किसी की आंखें नम हैं और लोग इस दर्दनाक घटना की चर्चा करते नजर आए।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *