फर्रुखाबाद न्यूज़:- अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच शव पर दिखा पसीना, जिंदा होने की आस में अस्पताल दौड़े परिजन |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

Ad image

नवाबगंज/फर्रुखाबाद।

नवाबगंज क्षेत्र में एक किशोर की मौत के बाद उस समय परिवार में अफरा-तफरी मच गई, जब अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच परिजनों ने उसके माथे पर पसीना देखा। परिजनों को लगा कि शायद किशोर की सांसें चल रही हों और वह जीवित हो। आनन-फानन में वे शव को लेकर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे, जहां चिकित्सक ने दोबारा जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए और उसे वापस घर ले गए।

जानकारी के अनुसार नवाबगंज की बंजारा बस्ती निवासी बबलू का 14 वर्षीय बेटा हसन रविवार रात छत पर सो रहा था। परिजनों के मुताबिक इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे सांप के काटने की बात सामने आई। हालत खराब होने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां उस समय डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। इसके बाद किशोर को एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

किशोर की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घर में अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान किसी की नजर किशोर के माथे पर पड़ी, जहां पसीना दिखाई देने की बात परिजनों ने बताई। यह देखकर परिवार के लोगों में एक बार फिर उम्मीद जगी कि शायद हसन जीवित हो। बिना देर किए परिजन उसे लेकर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी की ओर दौड़ पड़े।

बताया गया कि दोपहर करीब ढाई बजे किशोर को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. वैभव यादव ने किशोर की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने पर चिकित्सक ने पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, ताकि मृत्यु का वास्तविक कारण सामने आ सके।

हालांकि, दुखी परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए और शव को वापस घर ले गए। किशोर की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हसन दो बहनों का इकलौता और सबसे बड़ा भाई था। उसकी मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले में सांप के काटने की बात परिजनों द्वारा बताई गई है, जबकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम के बिना स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *