फर्रुखाबाद।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को विकास खंड बढ़पुर में देशभक्ति का जोश और उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित अभिमान प्रेरणा संकुल समिति ढिलावल एवं आकाश प्रेरणा संकुल समिति चांदपुर के तत्वावधान में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब 300 समूहों की महिलाओं ने हाथों में तिरंगा थामकर पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पंडा बाग से हुआ। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच निकली यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई स्वराज कुटीर, फर्रुखाबाद पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान वातावरण भारत माता और राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंजता रहा। समूह की महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय, देशभक्ति तथा ग्रामीण आजीविका समूहों से जुड़ने के फायदे से संबंधित नारे लगाए।

यात्रा में ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला मिशन प्रबंधक श्री अवनीश कुमार, डॉ. महेंद्र कुमार नामदेव, आकाश सीएलएफ की अध्यक्ष गुंजन सिंह, अभिमान सीएलएफ की अध्यक्ष श्रद्धा दुबे, आजीविका मिशन के रिसोर्स पर्सन श्री सुरेंद्र कुमार पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं शामिल रहीं।
तिरंगा यात्रा जहां से भी गुजरी, वहां लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा में शामिल महिलाओं पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। इससे महिलाओं का उत्साह और बढ़ गया तथा पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। महिलाओं ने तिरंगे को सम्मानपूर्वक हाथों में लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी एकजुटता और देशभक्ति का प्रदर्शन किया। यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।
300 समूहों की महिलाओं की एकजुट भागीदारी ने तिरंगा यात्रा को बनाया खास आकर्षण
ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं की इतनी बड़ी संख्या में भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। एक साथ सैकड़ों महिलाओं के हाथों में तिरंगा और उनके मुख से गूंजते देशभक्ति के नारों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। यात्रा के दौरान महिलाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला और लोगों ने भी जगह-जगह रुककर इस देशभक्ति से ओतप्रोत यात्रा का स्वागत किया।

