शमशाबाद/फर्रुखाबाद |
गंगा में बढ़े जलस्तर के बीच बाढ़ का पानी अब शमशाबाद क्षेत्र के ढाई घाट मार्ग पर भी मुसीबत बनकर सामने आया है। शाहजहांपुर जाने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल ढाई घाट रास्ते पर करीब दो फीट तक पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क पर पानी का तेज बहाव और जलभराव देखकर वाहन चालकों को बेहद सावधानी से निकलना पड़ रहा है।

जलभराव के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया और छोटे वाहनों के चालकों को उठानी पड़ रही है। कई वाहन पानी के बीच फंसने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इस मार्ग से रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों का भी आवागमन होता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
बाढ़ का पानी सड़क पर आने से मार्ग पर यातायात की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रशासन की ओर से मार्ग के दोनों तरफ निगरानी और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। इसके बावजूद लगातार बढ़ते पानी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं और पानी की निकासी की व्यवस्था कर रास्ते को जल्द से जल्द सामान्य कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि पानी का स्तर और बढ़ा तो ढाई घाट मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप होने की स्थिति बन सकती है।

