संकिसा/मेरापुर/फर्रुखाबाद |
पुलिस परीक्षा में मात्र एक नंबर से फेल होने वाली युवती रुचि यादव की मौत हो गई। रुचि थाना मेरापुर के ग्राम संकिसा बसंतपुर निवासी रामलड़ैते यादव की 19 वर्षीय पुत्री थी।
उसने बीते दिनों पुलिस की परीक्षा दी थी। मात्र एक नंबर से फेल होने के कारण वह तनाव में रहती थी। परिजनों ने रुचि को काफी समझाया था कि कोई चिंता की बात नहीं, अगली बार की परीक्षा में पास हो जाओगी। लेकिन रुचि के दिमाग में एक नंबर से फेल होने वाली बात नहीं निकल रही थी।
तनाव के कारण बीती शाम गांव में गुरुजी के आश्रम के पीछे बने अपने कमरे में रुचि ने जान दे दी। जब रुचि कई घंटों बाद घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद परिजनों को आश्रम के पीछे बने कमरे का ध्यान आया।
कमरे में रुचि को मृत अवस्था में देखकर परिवार में कोहराम मच गया।रुचि की मौत से परिवार में मातम छा गया। पूर्व प्रधान एवं सभासद पति आदि ने परिवार को ढांढस बंधाया।
बताया गया कि रुचि पढ़ने में काफी तेज थी और अक्सर इसी कमरे में जाकर पढ़ाई करती थी। रामलड़ैते की सूचना पर दरोगा अरुण कुमार ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

