कायमगंज/फर्रुखाबाद/
भारतीय किसान यूनियन (अखंड प्रदेश) ने आज कायमगंज उपजिलाधिकारी (SDM) पर किसानों के साथ कथित अभद्र व्यवहार, मनमानी कार्यशैली, अवैध वसूली और गौशालाओं में हो रही गोवंश मौतों को लेकर बड़ा मोर्चा खोल दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर उच्च स्तरीय जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कायमगंज तहसील क्षेत्र में किसानों और गौरक्षकों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने दावा किया कि गौशाला प्रकरण को उजागर करने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए, शांतिपूर्ण धरना देने वाले किसानों को जेल भेजा गया और शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि गौशालाओं में मृत गोवंश मिलने के मामलों को दबाने का प्रयास किया गया तथा सच्चाई सामने लाने वाले लोगों को प्रताड़ित किया गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो जिले भर में व्यापक किसान आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान यूनियन (अखंड प्रदेश) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राजेश कुमार दीक्षित, प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोमवंशी, प्रदेश सचिव विवेक सिंह, अवधेश सोमवंशी, सुनील गिहार, छविनाथ उर्फ छन्नू प्रधान, पूरन राठौर, नेत्रपाल सिंह, आशीष कुमार यादव, अनूप मिश्रा, विनोद प्रधान, सर्वेश सिंह, आदित्य सहित लगभग आधा सैकड़ा किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
किसान नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, न्याय और गोवंश संरक्षण के लिए है। संगठन ने मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
