बुढ़वा मंगल पर नीब करोरी धाम पहुंचे पूर्व सैनिक की बाबा के दरबार में दर्शन से पहले थम गई सांसें |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

,

मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद।

Ad image

बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर बाबा नीब करोरी के दर्शन की आस लेकर परिवार के साथ धाम पहुंचे कन्नौज निवासी पूर्व सैनिक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। दर्शन से पहले हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान छिबरामऊ के आवास विकास निवासी 56 वर्षीय महेंद्र प्रताप सिंह यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार महेंद्र प्रताप सिंह यादव मंगलवार सुबह करीब छह बजे अपनी पत्नी वीना देवी, साढ़ू दीवान सिंह और साली गुड्डी देवी के साथ निजी कार से मोहम्मदाबाद स्थित नीब करोरी धाम के लिए रवाना हुए थे। परिवार बुढ़वा मंगल के मौके पर बाबा के दर्शन करने पहुंचा था। बताया गया कि धाम के पीछे वाले गेट के पास पहुंचते ही महेंद्र प्रताप की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल हरकत में आए और उन्हें पुलिस वाहन से मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अशोक शाक्य ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए सीपीआर देकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। कुछ देर बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक कपिल कुशवाह ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस ने पंचनामा भरवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पहले भी ड्यूटी के दौरान आया था हार्ट अटैक

परिजनों के मुताबिक महेंद्र प्रताप सिंह को दिसंबर 2011 में ड्यूटी के दौरान भी हार्ट अटैक आया था और इसके बाद उनका इलाज चल रहा था। वह बाबा लक्ष्मणदास के अनन्य भक्त बताए गए हैं। परिजनों का कहना है कि जब भी उनके सामने कोई परेशानी आती या कोई मनोकामना होती, वह बाबा के दर्शन के लिए नीब करोरी धाम आते थे।

मंगलवार को बुढ़वा मंगल के मौके पर भी वह परिवार के साथ बाबा के दरबार पहुंचे थे, लेकिन दर्शन करने से पहले ही उनकी जिंदगी की डोर टूट गई। जिस धाम में परिवार उनके साथ आस्था और उम्मीद लेकर पहुंचा था, वहीं से उनकी मौत की खबर लेकर परिजनों को लौटना पड़ा।

महेंद्र प्रताप सिंह की मौत की खबर मिलते ही पत्नी वीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में बेटी प्रिंसी (29) और बेटा पारस (24) हैं। अचानक हुई मौत से परिजन सदमे में हैं। घटना के बाद धाम में मौजूद श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल दिखाई दिया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *