मौन की गूँज: जब विचार ठहर जाएँ।
-सुनील कुमार महला
आज सुबह-सुबह एक विचार पढ़ा-‘उपवास करना है तो विचारों का करे, भूखे रहने से भगवान खुश होते तो गरीब सबसे सुखी होते।’ वास्तव में व्यक्ति के जीवन में विचारों का बहुत महत्व है। पाठक जानते हैं कि विचार हमारे मन में उत्पन्न होने वाले वे मानसिक भाव, धारणाएँ या सोच हैं जो किसी भी विषय, परिस्थिति या अनुभव के बारे में हमारी प्रतिक्रिया को दर्शाते हैं। सरल शब्दों में, जो कुछ हम सोचते हैं-वही विचार कहलाते हैं। कहना ग़लत नहीं होगा कि सकारात्मक विचार हमें आगे बढ़ने, समस्याओं का समाधान ढूंढने और जीवन में उत्साह बनाए रखने में मदद करते हैं। वहीं दूसरी ओर नकारात्मक विचार हमें तनाव, भय और निराशा की ओर ले जा सकते हैं। वास्तव में, विचारों का उपवास’ एक अत्यंत गहरा और मनोवैज्ञानिक विषय है। जैसे शरीर की शुद्धि के लिए हम अन्न का त्याग करते हैं, वैसे ही मन की शांति और मानसिक स्पष्टता के लिए ‘विचारों का उपवास’ अनिवार्य है।
हर व्यक्ति के मन-मस्तिष्क में हर समय विचारों का आवागमन होता रहता है।एक विचार आता है, फिर दूसरा,तीसरा और यही क्रम अनवरत चलता रहता है। यहां तक कि व्यक्ति आराम कर रहा होता है, विश्राम कर रहा होता है,या यूं कहें कि नींद की अवस्था में होता है,तब भी विचारों का क्रम चलता ही रहता है,यह कभी थमता नहीं है। विचारों का उपवास मन में शांति लाता है। वास्तव में जब हम नकारात्मक विचारों का उपवास करते हैं, तो भीतर शून्यता और शांति आती है, जो ईश्वर से जुड़ने का सच्चा मार्ग है। व्यक्ति आत्मनियंत्रित होता है। कहना ग़लत नहीं होगा कि विचारों के उपवास से न केवल व्यक्ति को मानसिक शांति ही मिलती है, बल्कि यह व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी बहुत मदद करता है।जब हम विचारों का उपवास करते हैं तो गलत व नकारात्मक सोच, नकारात्मक ऊर्जा, चिंता,डर और असफलताओं से दूर हो पाते हैं। विचारों के उपवास से सीधा सा मतलब यह है कि हम अपने मन को नकारात्मक, फालतू और हानिकारक विचारों से मुक्त करें। जब हम विचारों का उपवास करते हैं तो हम ध्यानमग्न हो जाते हैं। हमारा तनाव और अवसाद कम होता है और ईश्वरीय मार्ग की ओर स्वयं को प्रशस्त करते हैं। हमारा आत्मनियंत्रण बढ़ता है। वास्तव में मनुष्य के व्यक्तित्व, व्यवहार और निर्णयों पर विचारों का गहरा प्रभाव पड़ता है। जैसा हम सोचते हैं, वैसा ही हमारा आचरण और जीवन बनता जाता है। इसलिए कहा जाता है-‘विचारों को बदलो, जीवन बदल जाएगा।’
हालांकि, विचारों को रोकना संभव नहीं है। विचार हमेशा मस्तिष्क में विचरण करते रहते हैं। मन-मस्तिष्क का स्वभाव ही हर पल सोचना है। लेकिन विचारों का उपवास किया जा सकता है।अब यहां प्रश्न यह उठता है कि आखिर हम विचारों का उपवास करें तो कैसे करें ? इसके लिए यह आवश्यक है कि हम ध्यान(मेडिटेशन) करें। अपने लिए थोड़ा समय निकालें और कुछ मिनट तक एक शांत स्थान पर शांति से बैठकर अपनी सांसों पर ध्यान दें। आज का युग संचार क्रांति का युग है और हम हर समय एंड्रॉयड स्मार्टफोन, लैपटॉप, इंटरनेट,एआइ में व्यस्त रहते हैं। हमारे पास स्वयं के लिए ही समय नहीं बचा है। विचारों के उपवास के लिए मोबाइल, लैपटॉप जैसे गैजेट्स से दूरी बनाना बहुत आवश्यक है। या यूं कहें कि आज के समय में डिजिटल दूरी विचारों के उपवास के लिए आवश्यक तत्व है। हमें यह चाहिए कि हम लगातार मोबाइल/न्यूज़/ से हम ब्रेक लें।वर्तमान समय में हम सूचनाओं के विस्फोट के बीच जी रहे हैं। हर समय कुछ न कुछ सोचना, विश्लेषण करना या चिंता करना मस्तिष्क को थका देता है। विचारों का उपवास हमें इस ‘ध्वनि प्रदूषण’ से बाहर निकालकर मौन की शक्ति से परिचित कराता है। डिजिटल डिटाक्स बहुत ही महत्वपूर्ण व जरूरी है। हमें यह चाहिए कि हम दिन भर में कम से कम एक घंटा फोन, लैपटॉप और टीवी से पूरी तरह दूर रहें।
बाहरी सूचनाओं का रुकना ही विचारों के रुकने की पहली सीढ़ी है।यदि विचार बहुत परेशान कर रहे हों, तो उन्हें कागज पर लिख दें। इससे मन का बोझ हल्का होता है और मस्तिष्क को लगता है कि उसने अपना काम पूरा कर लिया है।हमारा चयन सकारात्मक चयन होना चाहिए। मसलन, हमें क्या पढ़ना है, क्या देखना, है और क्या सुनना है-यह हम सोच-समझकर चुनें।हम स्वयं का स्व-निरीक्षण करें और अपने विचारों को देखें, लेकिन उनमें उलझें नहीं।याद रखिए कि जब हम विचारों को केवल आता-जाता देखते हैं और उनमें उलझते नहीं, तो मन शांत होने लगता है। जब हमारा दिमाग/मस्तिष्क अनावश्यक विचारों से खाली होता है, तब ‘क्रिएटिव स्पेस’ बनता है। स्पष्ट दिमाग बेहतर निर्णय ले पाता है क्योंकि वह पूर्वाग्रहों और पुरानी धारणाओं के बोझ से मुक्त होता है। वैज्ञानिक रूप से भी यदि हम देखें तो हमारा मस्तिष्क शरीर की कुल ऊर्जा का एक बड़ा हिस्सा उपभोग करता है। अनावश्यक चिंता और नकारात्मक विचार मानसिक ऊर्जा को व्यर्थ करते हैं। विचारों का उपवास इस ऊर्जा को बचाकर उसे सकारात्मक कार्यों या आत्म-चिंतन की ओर मोड़ देता है।बहरहाल, यहां यह कहना चाहूंगा कि विचारों का उपवास मन को खाली करने का प्रयास नहीं है, बल्कि उसे सही दिशा देने की एक सजग प्रक्रिया है। जब हम अनावश्यक और नकारात्मक विचारों से दूरी बनाकर सकारात्मक, शांत और उपयोगी सोच को अपनाते हैं, तब हमारा मन अधिक संतुलित, स्पष्ट और शक्तिशाली बनता है। इसलिए, विचारों का उपवास वास्तव में आत्म-नियंत्रण और मानसिक शुद्धि का मार्ग है, जो जीवन को सरल, सुखद और उद्देश्यपूर्ण बनाता है। सरल शब्दों में कहें तो विचारों का उपवास ‘सोचना बंद करने’ के बारे में नहीं है, बल्कि ‘व्यर्थ सोचना बंद करने’ के बारे में है। यह मन की वैसी ही सफाई है, जैसी हम अपने घर की रोज करते हैं।
