किन्नर के घर से 1 लाख से अधिक की चोरी, पुताई करने आए युवकों पर आरोप |

2 Min Read

मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद।

कस्बे के मोहल्ला शिवाजी नगर में एक किन्नर के घर से नगदी और लाखों रुपये के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुताई करने आए युवकों पर चोरी का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शिवाजी नगर गली नंबर-6 निवासी किन्नर ममता चौहान अपनी सहयोगी रुखसार के साथ रहती हैं। ममता ने बताया कि उन्होंने 2 मई को किदवई नगर निवासी एक युवक को अपने घर की पुताई का ठेका दिया था।

बताया गया कि 3 मई की सुबह करीब 7 बजे आरोपी युवक अपने एक मजदूर साथी के साथ पुताई करने उनके घर पहुंचा। पुताई के दौरान ममता ने कमरे की अलमारी का सामान निकालकर तख्त पर रख दिया था ताकि काम आसानी से हो सके।

ममता के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे दोनों युवक बिना कुछ बताए अचानक घर से चले गए। उस समय उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ।

4 मई को जब ममता आरोपी युवक के घर पहुंचीं तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद 5 मई को घर में मेहमान आने पर जब उन्होंने अपना बैग और सामान चेक किया तो उसमें रखा एक सोने का छल्ला, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल और 50 हजार रुपये नकद गायब मिले।

पीड़िता ने बताया कि चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 55 हजार रुपये है। नकदी सहित कुल चोरी एक लाख रुपये से अधिक की बताई जा रही है।

घटना के बाद ममता चौहान ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *