कायमगंज/फर्रुखाबाद |
जनसामान्य को पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को तहसील कायमगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयों की कार्यप्रणाली, न्यायालयों के संचालन, जनसुनवाई व्यवस्था तथा राजस्व अभिलेखों के रखरखाव का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित नामांतरण, वरासत, सीमांकन, खतौनी संशोधन सहित विभिन्न राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
डीएम ने अभिलेखागार, रिकॉर्ड रूम, नजारत, उप निबंधक कार्यालय समेत अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कार्यालयों में साफ-सफाई और अनुशासन बना रहना चाहिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि तहसील आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीनता, संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को बिना भेदभाव के पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध हों तथा जनता का प्रशासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो।
इस दौरान उप जिलाधिकारी कायमगंज, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
