कायमगंज तहसील समाधान दिवस में डीएम का सख्त संदेश: शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 189 मामलों में 12 का मौके पर निस्तारण |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद/

शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शनिवार को कायमगंज तहसील में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने स्वयं शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या हीलाहवाली किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न बने, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक न्याय और राहत मिलनी चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में मौके पर जाकर जांच करें तथा नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें। भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए।

तहसील समाधान दिवस के दौरान कुल 189 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें 65 राजस्व विभाग, 46 पुलिस विभाग, 28 विद्युत विभाग, 21 विकास विभाग, 8 आपूर्ति विभाग, 5 नगर पालिका/नगर पंचायत तथा 16 अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता का प्रशासन पर विश्वास बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए ताकि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *