फर्रुखाबाद में शहर कांग्रेस कमेटी ने मनाई लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती, जनकल्याणकारी कार्यों को किया याद |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा रविवार को नाला सिम्त शुमाल स्थित कैंप कार्यालय में लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके जीवन, व्यक्तित्व व ऐतिहासिक कार्यों को याद किया।

सत्ता को बनाया सेवा का माध्यम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंकुर मिश्रा (एडवोकेट) ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की उन विरल शासकों में से एक हैं, जिन्होंने सत्ता को केवल सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, सुशासन, सामाजिक समरसता और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। यही वजह है कि जनता ने उन्हें केवल राजमाता नहीं, बल्कि ‘लोकमाता’ के रूप में सिर आंखों पर बिठाया।

मिश्रा ने आगे कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने बिना किसी जातीय, धार्मिक या साम्प्रदायिक भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया। उन्होंने व्यापार, उद्योग, वस्त्र उत्पादन और कृषि विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए भी क्रांतिकारी कदम उठाए।

सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और सामाजिक सद्भाव

महारानी के सांस्कृतिक योगदान को रेखांकित करते हुए नगर अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने देश के कोने-कोने में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का पुनर्निर्माण कराया। सोमनाथ, बद्रीनाथ, केदारनाथ, रामेश्वरम, अयोध्या, मथुरा और गया सहित अनेक तीर्थस्थलों पर मंदिरों, धर्मशालाओं, कुओं और तालाबों का निर्माण इसका प्रमाण है। काशी में उन्होंने विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कराया, लेकिन उस दौर में भी उन्होंने किसी भी प्रकार के टकराव की राजनीति से दूरी बनाकर हमेशा सामाजिक सद्भाव और संवाद का मार्ग चुना।

आज की राजनीति के लिए प्रेरणास्त्रोत

वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समावेश और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। आज के दौर में राजनीति और समाज से जुड़े लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समरसता, भाईचारे और निस्वार्थ जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए। उनके आदर्श वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य रूप से एडवोकेट वीरेंद्र मिश्रा, अशोक राठौर, अतीक सलमानी, सलीम खान, अमर मिश्रा, विष्णु मिश्रा, हिमांशु मिश्रा, वत्सल्य मिश्रा, ज़ायदा परवीन, हिमांगी सक्सेना, रोहित वर्मा, शब्बू खान, मुकेश कुमार, रघुवर दयाल, संजय दिवाकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *