पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: चाचूपुर-जटपुरा के 14 लोग नामजद समेत दर्जनों पर मुकदमा दर्ज |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

राजेपुर/फर्रुखाबाद।

थाना राजेपुर क्षेत्र के चाचूपुर-जटपुरा गांव में 9 मई को हुए बवाल के बाद पुलिस ने अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर कई लोगों को नामजद किया है।

शराब ठेके पर हमला, लूटपाट और आगजनी की कोशिश

पहला मुकदमा देशी शराब ठेका प्रबंधक कुलदीप की तहरीर पर दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, कामेश, सुधीर, शिवरतन और ब्रजेश उर्फ भोला सहित कई लोगों ने शराब की दुकान पर हमला कर दिया। आरोप है कि उपद्रवियों ने दुकान में रखी गोलक से करीब 10 हजार रुपये लूट लिए और साक्ष्य मिटाने के इरादे से सीसीटीवी की डीवीआर भी उठा ले गए।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने वहां मौजूद सेल्समैन के साथ मारपीट कर उसकी जान लेने की कोशिश की और दुकान में आग लगाने का भी प्रयास किया।

पुलिस टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा

दूसरा मुकदमा उपनिरीक्षक महेश कुमार की ओर से दर्ज कराया गया है। इस मुकदमे में कामेश, सुधीर, शिवरतन, कश्मीर, ब्रजेश, राजा, रजनीश, देशराज, विकास, ननकू, सत्यपाल, शिवम, गुड्डी देवी और सरोजनी समेत 14 लोगों को नामजद किया गया है।

इसके अलावा 25 से 30 अज्ञात महिला और पुरुषों को भी आरोपी बनाया गया है। इन सभी पर बलवा, पुलिस टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गांव में पुलिस का पहरा, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *