फर्रुखाबाद।
जनपद की पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रशासनिक फेरबदल के तहत पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने बड़ा कदम उठाया है। एसपी ने पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक बलराम मिश्रा को कोतवाली मोहम्मदाबाद का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया है। वहीं, मोहम्मदाबाद के कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह मलिक को हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद के पूर्व प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह का पदोन्नति (प्रमोशन) होने के बाद उन्हें पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके बाद से इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह मलिक को कार्यवाहक प्रभारी के रूप में कोतवाली का चार्ज सौंपा गया था। हालांकि, अचानक धर्मेंद्र सिंह मलिक को लाइन हाजिर किए जाने के स्पष्ट कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली की कमान संभालने वाले नए प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा का हाल ही में जनपद इटावा से फर्रुखाबाद तबादला हुआ था। इटावा में तैनाती के दौरान वे चकरनगर, ऊसराहार और सैफई जैसे महत्वपूर्ण थानों में प्रभारी निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, नए प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा आज ही कोतवाली मोहम्मदाबाद पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं।

