पंचायत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन, 22 अप्रैल को होगा अंतिम प्रकाशन

2 Min Read

पंचायत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन, 22 अप्रैल को होगा अंतिम प्रकाशन

​मैनपुरी । अजय कशोर – जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्यामलता आनन्द ने बताया कि अब संशोधित समय सारणी के अनुसार ही जिले के समस्त विकास खंडों में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य संपन्न किया जाएगा।

नई समय सारणी के तहत मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण, मतदेय स्थलों की मैपिंग, वार्डों का निर्धारण और मतदाताओं के क्रमांकन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं 21 अप्रैल तक पूर्ण कर ली जाएंगी। इसके पश्चात, 22 अप्रैल को संशोधित निर्वाचक नामावलियों का जन-सामान्य के अवलोकन हेतु अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।

एडीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें और संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर इसे प्रदर्शित कराएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कार्य की महत्ता को देखते हुए पुनरीक्षण अवधि के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाशों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुनरीक्षण का कार्य त्रुटिहीन तरीके से पूर्ण किया जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *