एक पेड़ मां के नाम महाअभियान: फर्रुखाबाद में 40.93 लाख पौधे लगेंगे, हर नागरिक से पौधों के संरक्षण का भी आह्वान |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने के उद्देश्य से जनपद में रविवार, 12 जुलाई को ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। जिला प्रशासन और वन विभाग ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अभियान के अंतर्गत एक ही दिन में 40.93 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जन आंदोलन का रूप देना है, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ सकें।

अभियान का मुख्य शुभारंभ मोहम्मदाबाद सेक्शन के दरौन्दी ग्राम समाज में होगा, जहां लगभग 5 हेक्टेयर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। इस स्थल पर पीपल, बरगद, पाकड़, गूलर, अर्जुन और नीम सहित विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी प्रजातियों के करीब 8 हजार पौधे रोपे जाएंगे।

इस वर्ष जनपद को कुल 45 लाख 74 हजार 800 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इसके तहत वन विभाग अकेले 21 लाख से अधिक पौधे लगाएगा, जबकि अन्य सरकारी विभागों द्वारा लगभग 19.93 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। वन विभाग जिले के 121 स्थलों पर 1360.82 हेक्टेयर भूमि में 21,75,000 पौधे लगाएगा। वहीं विभिन्न विभाग 3,622 स्थानों पर 23,99,800 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा करेंगे।

वन विभाग ने पौधरोपण के लिए व्यापक तैयारियां कर ली हैं। विभाग के पास वर्तमान में 58 लाख 30 हजार 414 पौधे उपलब्ध हैं। हथियापुर, गोटिया, सिंधौ और निनौआ स्थित विभागीय पौधशालाओं में 50 से अधिक प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं, जिन्हें जरूरतमंदों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

डीएफओ ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखरेख की जिम्मेदारी भी निभाएं। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण भी मिल सकेगा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *