कायमगंज की सड़कों पर आवारा सांडों का आतंक: बीच सड़क 45 मिनट तक भिड़े दो सांड, स्कूली बच्चों में मची भगदड़, कार्रवाई की उठी मांग

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/ फर्रुखाबाद।

नगर में आवारा गोवंश की बढ़ती समस्या अब आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। गुरुवार को लाल कुआं स्थित गंदा नाला के पास मुख्य मार्ग पर दो सांडों के बीच हुई भीषण लड़ाई ने करीब 45 मिनट तक पूरे इलाके की रफ्तार थाम दी। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्कूल से घर लौट रहे बच्चों सहित राहगीरों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के बीच दोनों सांड अचानक आमने-सामने आ गए और सड़क के बीचोंबीच एक-दूसरे पर हमला करने लगे। दोनों इतने उग्र थे कि काफी देर तक पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इससे मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने से भगदड़ के दौरान कई स्कूली बच्चे फिसलकर गिर पड़े। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई बच्चा या राहगीर सांडों की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय दुकानदार प्रेम सागर, विनीत और राजेश ने बताया कि करीब 45 मिनट तक दोनों सांड सड़क पर लड़ते रहे। लोग भय के कारण आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। कई वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नगरवासियों का कहना है कि कायमगंज में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश सड़कों पर खुलेआम घूमते रहते हैं। ये पशु अक्सर आपस में लड़ते हैं और कई बार राहगीरों पर भी हमला कर देते हैं। इसके चलते बाजार, मुख्य मार्गों और स्कूलों के आसपास हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर सुरक्षित गोशालाओं में भेजने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस संबंध में कायमगंज नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. लवकुश मिश्रा ने बताया कि नगर में घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल संज्ञान लेकर आवारा पशुओं के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की है, ताकि नागरिकों, विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *