कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शुरू हुई टीईटी परीक्षा, 19 केंद्रों पर तीन दिन में 31,560 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

बायोमेट्रिक सत्यापन, मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद मिला प्रवेश, कई जिलों से पहुंचे परीक्षार्थी; केंद्रों के बाहर कुछ देर जाम, पुलिस ने संभाली व्यवस्था

फर्रुखाबाद/

जनपद में गुरुवार से शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच शुरू हो गई। तीन दिनों तक चलने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पांच पालियों में कुल 31,560 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहले दिन सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।

सुबह 6:30 बजे से ही अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। निर्धारित समय के अनुसार सुबह 7:15 बजे से 8:45 बजे तक लाइनवार प्रवेश कराया गया। प्रत्येक केंद्र के मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई और बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया। प्रवेश पत्र पर लगे फोटो का मिलान करने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

महिला अभ्यर्थियों की जांच भी निर्धारित मानकों के अनुसार की गई। उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले अंगूठी, कान की बालियां तथा अन्य धातु की वस्तुएं उतारने के निर्देश दिए गए। जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति मिली।

टीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए हरदोई, कानपुर, इटावा, औरैया, मैनपुरी समेत आसपास के कई जिलों से हजारों अभ्यर्थी फर्रुखाबाद पहुंचे। समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के उद्देश्य से कई परीक्षार्थी बुधवार रात ही शहर आ गए थे। कुछ अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन पर रात बिताई, जबकि कई निजी होटलों और धर्मशालाओं में रुके।

जनपद के शहर और कमालगंज क्षेत्र में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 6,312 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

नकल रोकने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उधर, लोहाई रोड स्थित नारायण इंटर कॉलेज और कन्या इंटर कॉलेज के बाहर अभ्यर्थियों के वाहनों की भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो गया।

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के शेष दिनों में भी सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि प्रत्येक पाली की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *