कायमगंज/फर्रुखाबाद।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही बरतने वाली आशा कार्यकर्ताओं के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज प्रशासन ने कार्य में उदासीनता और निर्धारित लक्ष्य पूरा न करने पर पांच आशा बहुओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। विभाग की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गांव-गांव जाकर पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को पांच लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों में कार्य की प्रगति बेहद धीमी पाए जाने पर सीएचसी प्रशासन ने जिम्मेदार आशा कार्यकर्ताओं को चिन्हित किया है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार द्वारा जारी नोटिस के अनुसार उपकेंद्र कटिया की आशा कार्यकर्ता माया देवी, रायपुर चिनहटपुर क्षेत्र के भोगपुर गांव की वीना देवी, दूदेमई की आशा देवी, सिवारा खास क्षेत्र के नगला ख्मानी की अनीता सक्सेना तथा सिकंदरपुर तेहिया की संघवर्मा को कार्य में लापरवाही का दोषी पाया गया है। इन सभी पर आरोप है कि उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने में अपेक्षित सहयोग नहीं किया, जिससे अभियान की प्रगति प्रभावित हुई है।
सूत्रों के अनुसार इस संबंध में कई बार बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित आशा कार्यकर्ताओं के कार्य में सुधार नहीं देखा गया। विभागीय समीक्षा के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष बेहद कम प्रगति मिलने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि सभी संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को तीन दिन के भीतर आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में कार्य में सुधार नहीं हुआ और संतोषजनक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई, तो उनके विरुद्ध सेवा समाप्ति सहित विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आयुष्मान भारत योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने सभी आशा कार्यकर्ताओं से अभियान को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की है।
