फर्रुखाबाद/
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला और कायमगंज नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर 8 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में व्यापारियों एवं आमजन से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने की मांग उठाई।
युवा जिलाध्यक्ष सन्देश अग्रवाल ने शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था को देखते हुए ई-रिक्शा के रूट निर्धारण एवं वनवे व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित ई-रिक्शा संचालन के कारण बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे व्यापार और आमजन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने हाल ही में मंडी में हुए अग्निकांड का मुद्दा उठाते हुए पीड़ित व्यापारियों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आग की घटना में कई व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, ऐसे में प्रशासन को राहत प्रदान करनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर की अन्य समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिला महामंत्री अनुपम अग्रवाल, युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी, जिला मंत्री ऋषभ पालीवाल, युवा जिला चेयरमैन ऋषि बंसल, जिला मंत्री अर्पण अग्रवाल, फर्रुखाबाद अध्यक्ष अमन जैन, फतेहगढ़ अध्यक्ष संदीप सक्सेना, सेंट्रल जेल मंत्री विशाल सिंह एवं सेंट्रल जेल उपाध्यक्ष अमरदीप सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
