लिंक एक्सप्रेसवे के लिए किसानों और प्रशासन के बीच संवाद शुरू, एसडीएम ने किसानों से माँगा सहयोग |

2 Min Read

अमृतपुर/फर्रुखाबाद।

प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को गति देने के लिए प्रशासन ने जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को एसडीएम रविंद्र सिंह और नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह ने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर किसानों और ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया तथा भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में सहयोग की अपील की।

अधिकारियों की टीम बिलालपुर, तुर्कगाटा, ऊजरामऊ, गांधी और नयागांव समेत कई गांवों में पहुंची, जहां चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। बैठकों में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

एसडीएम ने ग्रामीणों को बताया कि प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। इससे आवागमन सुगम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, निवेश के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए रास्ते मिलेंगे।

जिन किसानों की जमीन परियोजना में अधिग्रहित की जानी है, उनसे प्रशासन ने विशेष रूप से बातचीत की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भूमि अधिग्रहण और बैनामा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी तथा शासन द्वारा तय मानकों के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि समय पर सहयोग करने वाले किसानों को मुआवजा भुगतान में प्राथमिकता दी जाएगी।

ग्रामीणों ने इस दौरान अपनी शंकाएं और समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्य में अनावश्यक बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

इस दौरान लेखपाल अमित शुक्ला ने भूमि माप, राजस्व अभिलेख और मुआवजा प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी जानकारी किसानों को दी और उनकी शंकाओं का समाधान किया।

प्रशासन की इस पहल से साफ है कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे आने वाले समय में अमृतपुर क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *