फर्रुखाबाद में एल्बेंडाजोल खाने से 250 छात्र बीमार, कई बेहोश
फर्रुखाबाद।
कमालगंज ब्लॉक में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सरकारी स्तर पर खिलाई गई एल्बेंडाजोल दवा खाने के बाद करीब 250 स्कूली छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दवा खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों को चक्कर आने लगे और कई छात्र बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना प्राइमरी विद्यालय राठौर और जवाहर प्रेमा देवी जूनियर हाई स्कूल की है, जहां नियमित कार्यक्रम के तहत छात्रों को कृमिनाशक दवा खिलाई गई थी। दवा के असर से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और शिक्षकों में भी भगदड़ की स्थिति बन गई।
बेहोश हुए बच्चों को आनन-फानन में सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई छात्रों का इलाज अभी भी जारी है। अभिभावकों को जैसे ही सूचना मिली, वे घबराए हुए स्कूल और अस्पतालों की ओर दौड़ पड़े।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि दवा खिलाने से पहले स्वास्थ्य जांच और सावधानियों का पालन क्यों नहीं किया गया?
स्थानीय लोगों और अभिभावकों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं के नाम पर बच्चों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या लापरवाही के जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा?
