कम्पिल/फर्रुखाबाद |
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कम्पिल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं भगवान भरोसे चल रही हैं। यहां शासन-प्रशासन के तमाम दावों के उलट जमीनी हकीकत बदहाल नजर आ रही है। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई के नाम पर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिसका एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अस्पताल परिसर में नाबालिग लड़की और मासूम से झाड़ू लगवाने का वीडियो वायरल – डॉक्टरों के लेटलतीफ पहुंचने और दवा काउंटर बंद कर गायब होने से ग्रामीणों में आक्रोश
नाबालिगों से कराई जा रही साफ-सफाई
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सरकारी अस्पताल के परिसर में एक नाबालिग लड़की और मासूम बच्चों से झाड़ू लगवाई जा रही है। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर बाल श्रम और इस तरह के अमानवीय कार्य से स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
समय पर नहीं पहुंचते डॉक्टर, खिड़की बंद कर गायब होते हैं कर्मी
ग्रामीणों और तीमारदारों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के डॉक्टर अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं हैं और सुबह 10:30 बजे के बाद अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा, ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ते ही दवा काउंटर पर तैनात कर्मचारी खिड़की बंद करके गायब हो जाते हैं, जिसके चलते मरीजों को बाहर से महंगे दामों में दवाइयां खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
विरोध करने पर तीमारदारों से बदसलूकी
स्थानीय ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जब अस्पताल की इन कमियों और व्यवस्थाओं का विरोध किया जाता है, तो अस्पताल प्रशासन और वहां मौजूद कर्मचारी तीमारदारों के साथ बदसलूकी और अभद्र व्यवहार करते हैं।
अस्पताल प्रशासन की इस गहरी लापरवाही और लचर व्यवस्था ने स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खोलकर रख दी है। अब देखना यह होगा कि इस मामले में उच्च अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं।
