फर्रुखाबाद |
शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर मंदिरों में उमड़ रही भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन, अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) आरती सिंह के साथ जनपद के प्रमुख मंदिरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया।
प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ और एसपी आरती सिंह ने सबसे पहले थाना मऊदरवाजा क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक गुड़गांव देवी मंदिर का रुख किया। इसके बाद उन्होंने कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बढ़पुर शीतला माता मंदिर और रामलीला मैदान का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, श्रद्धालुओं के आवागमन और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए कि दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, श्रद्धालुओं की संख्या अधिक बढ़ने पर यातायात और बैरिकेडिंग व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के लिए पुलिस लाइन में खुला जिम
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए फतेहगढ़ पुलिस लाइन में एक नई जिम सुविधा की शुरुआत की गई है।
एडीजी और एसपी ने संयुक्त रूप से शिलापट्टिका का अनावरण और फीता काटकर इस जिम का भव्य उद्घाटन किया। अधिकारियों ने कहा कि इस आधुनिक सुविधा के मिलने से पुलिसकर्मी नियमित रूप से व्यायाम कर सकेंगे, जिससे वे शारीरिक रूप से फिट और तंदुरुस्त रहकर अपनी ड्यूटी को और बेहतर ढंग से अंजाम दे पाएंगे।
इस दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
