अमृतपुर/फर्रुखाबाद/
पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एसोसिएशन ने ठोस कदम उठाने की मांग की है। शुक्रवार को एसोसिएशन की ओर से राष्ट्रपति के नाम आठ सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार अभिषेक कुमार को सौंपकर पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की अपील की गई।एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष प्रताप सिंह यादव की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया गया। इसमें दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन के दौरान महिला पत्रकारों सहित अन्य पत्रकारों के साथ कथित अभद्रता और उत्पीड़न के मामलों पर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।ज्ञापन में पत्रकार सुरक्षा अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। पत्रकारों का कहना है कि समाचार संकलन के दौरान उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि वे बिना दबाव और भय के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।एसोसिएशन ने अमृतपुर तहसील परिसर में प्रेस क्लब के निर्माण के लिए भूमि और भवन उपलब्ध कराने, स्थानीय प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को सरकारी विज्ञापनों का पारदर्शी आवंटन करने तथा पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहायता देने के लिए कल्याण कोष गठित करने और निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।ज्ञापन में सरकारी कार्यक्रमों में स्थानीय पत्रकारों को आमंत्रित करने, उनके लिए उचित स्थान और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, पत्रकारों के बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने तथा दिव्यांग पत्रकारों को जीवनयापन में मदद उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल रही।एसोसिएशन ने प्रेस की स्वतंत्रता में अनुचित हस्तक्षेप रोकने और पत्रकारों के उत्पीड़न पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की। इस मौके पर सर्वजीत सिंह,बृजकां दीक्षित,गोपाल सक्सेना, प्रशांत अवस्थी और रामरहिस राठौर सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष पत्रकारिता की अहम भूमिका है। इसलिए पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
