फर्रुखाबाद/
पल्ला चौकी पर तैनात 45 वर्षीय हेड कांस्टेबल रजनेश कुमार की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर साथी पुलिसकर्मियों ने जब जाकर देखा तो वह अर्द्धबेहोशी की हालत में मिले। आनन-फानन में उन्हें लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे तक हेड कांस्टेबल रजनेश कुमार अपने कमरे से बाहर नहीं आए। इस पर साथियों को चिंता हुई और उन्होंने कमरे में जाकर देखा। रजनेश की हालत सामान्य नहीं थी और वह अर्द्धबेहोशी की स्थिति में पाए गए। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें उपचार के लिए लोहिया अस्पताल पहुंचाया।
रजनेश कुमार मूल रूप से इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। उनकी अचानक तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी चिंता बढ़ गई। अमृतपुर सीओ राजेश द्विवेदी, शहर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह गहलोत तथा कादरी गेट थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मी लोहिया अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अस्पताल में चिकित्सकों ने हेड कांस्टेबल की आवश्यक जांच शुरू कर दी है। खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि उनकी स्थिति की जानकारी के लिए सीटी स्कैन भी कराया जा रहा है। फिलहाल चिकित्सक उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
शहर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह गहलोत ने बताया कि हेड कांस्टेबल को बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके साथ मौजूद लोगों के अनुसार रजनेश कुमार को पहले से ब्लड प्रेशर की समस्या भी बताई जा रही है। हालांकि अचानक तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

