नवाबगंज /फर्रुखाबाद।
फर्रुखाबाद के नवाबगंज विकास खंड स्थित ग्राम बेटा मुरलीधर की 10 एकड़ ग्राम समाज भूमि पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं डॉ. सुरभि गंगवार ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने रोपे गए पौधों का निरीक्षण भी किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. सुरभि गंगवार ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने शासन की मंशा को रेखांकित करते हुए सभी से अपील की कि हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और क्षेत्र को हरा-भरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर कायमगंज के रेंजर राजेश कुमार, स्थानीय ग्राम प्रधान, वन विभाग की पूरी टीम तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण रक्षा का संकल्प उठाया।

