फर्रुखाबाद/
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश नेतृत्व की ओर से जारी सूची में फर्रुखाबाद समेत कानपुर क्षेत्र के कई जिलों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। नई व्यवस्था में कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत को फर्रुखाबाद का जिला संगठन प्रभारी बनाया गया है।
नरेंद्र राजपूत के फर्रुखाबाद प्रभारी बनाए जाने के बाद अब जिले में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जिला प्रभारी प्रदेश नेतृत्व और स्थानीय संगठन के बीच समन्वय का काम करते हैं तथा पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने और संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी की जिम्मेदारी निभाते हैं।
प्रांशुदत्त द्विवेदी को कानपुर दक्षिण
फर्रुखाबाद निवासी एवं विधान परिषद सदस्य प्रांशुदत्त द्विवेदी को कानपुर महानगर दक्षिण का जिला प्रभारी बनाया गया है। कानपुर में इस बार उत्तर, दक्षिण और ग्रामीण संगठनात्मक जिलों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
रूपेश गुप्ता को कन्नौज की जिम्मेदारी
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं फर्रुखाबाद निवासी रूपेश गुप्ता को कन्नौज जनपद का प्रभारी बनाया गया है। वहीं फर्रुखाबाद के पूर्व प्रभारी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव महेश दुबे को अब कानपुर देहात की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा की ओर से प्रदेश के छह सांगठनिक क्षेत्रों—पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर—के विभिन्न जिलों और महानगरों के लिए नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

