जेल में पहुंचे प्रभारी मंत्री तो मची हलचल, बंदियों के भोजन, इलाज और सुरक्षा पर दिए कड़े निर्देश |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/

Ad image

जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने फर्रुखाबाद पहुंचकर जिला जेल का सघन निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक जेल पहुंचने से कारागार प्रशासन में हलचल दिखाई दी। उन्होंने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को परखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले जिला जेल पहुंचकर कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही भोजन व्यवस्था और जेल की रसोई का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बंदियों की रसोई और सुरक्षा संबंधी ड्यूटी रोस्टर के आधार पर पारदर्शी तरीके से लगाई जाए, ताकि किसी प्रकार की मनमानी की गुंजाइश न रहे।

रसोई में भोजन की गुणवत्ता पर विशेष नजर

मंत्री ने जेल में तैयार होने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों को निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप भोजन मिलना चाहिए। भोजन तैयार करने से लेकर उसके वितरण तक स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाए। रसोई की व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण करने के निर्देश दिए गए।

अस्पताल में इलाज की व्यवस्था भी परखी

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने बंदी अस्पताल का भी जायजा लिया। उन्होंने पुरुष और महिला बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा उपचार की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और बीमार बंदियों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। संक्रमित अथवा गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को सामान्य मरीजों से अलग रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

सुरक्षा में चूक पर नहीं चलेगी लापरवाही

प्रभारी मंत्री ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। जेल परिसर में साफ-सफाई नियमित रूप से कराने और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय करने की बात कही।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद कोर कमेटी की बैठक

जिला जेल के निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने सभागार में कोर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, चिकित्सक डॉ. नीरज सहित कारागार प्रशासन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री के निरीक्षण को लेकर जेल प्रशासन पूरे समय सक्रिय नजर आया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *