कायमगंज/फर्रुखाबाद।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कायमगंज में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अपनत्व की ऐसी खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। समाज की सुरक्षा में दिन-रात जुटे पुलिसकर्मियों को अपना भाई मानते हुए साहसी बालिका संस्था, कायमगंज की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने थाने और चौकियों पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुखी एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
संस्था की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का नेतृत्व खुशबु मिश्रा एवं शिल्की मिश्रा ने किया। बालिकाओं ने कायमगंज क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा, थाना प्रभारी विनोद शुक्ला, क्राइम प्रभारी, मंडी चौकी प्रभारी, कस्बा चौकी प्रभारी समेत थाने एवं चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
राखी बांधते समय बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों को अपना भाई बताते हुए कहा कि जिस तरह भाई अपनी बहनों की सुरक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह पुलिसकर्मी भी समाज की बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर रहते हैं। इस आत्मीय पहल ने पुलिसकर्मियों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी और माहौल भावुक होने के साथ-साथ खुशनुमा हो गया।

इस मौके पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सुरक्षा और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिसकर्मियों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं अपनत्व की भावना को और मजबूत करते हैं।
साहसी बालिका संस्था की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की सुरक्षा में लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है। संस्था की बालिकाओं ने राखी के पवित्र धागे के माध्यम से यह संदेश दिया कि समाज की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मी केवल वर्दी में तैनात कर्मचारी नहीं, बल्कि समाज के परिवार का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

कार्यक्रम में संस्था की दिव्या, अंजू, संजना, नेहा, किरन, कनक, गौरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं। रक्षाबंधन के इस आत्मीय आयोजन ने भाई-बहन के रिश्ते की भावना को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए प्रेम, सद्भाव, विश्वास और सुरक्षा का खूबसूरत संदेश दिया।

