रिपोर्ट संजीव सक्सेना |
फर्रुखाबाद।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम आरमपुर में पिता की मौत के सदमे में एक 30 वर्षीय युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरमपुर निवासी मुकेश (30) पुत्र स्वर्गीय रामसिंह के पिता का छह दिन पूर्व निधन हो गया था। पिता के जाने के बाद से ही मुकेश बेहद शांत और गुमसुम रहने लगा था। परिजनों ने बताया कि मानसिक तनाव के चलते उसने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत फर्रुखाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतक मुकेश की शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। पिता के बाद अब घर के कमाने वाले मुख्य सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

