कायमगंज/फर्रुखाबाद |

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एपी पब्लिक स्कूल में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में देशभक्ति के नारों और तिरंगे की आन-बान-शान के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह का माहौल देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत एवं कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद दोनों अतिथियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
आजादी की कीमत समझें, देश के भविष्य को संवारें : मुकेश राजपूत

मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता से पूर्व और स्वतंत्रता के बाद की परिस्थितियों का विस्तृत विश्लेषण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि देश को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी किस कठिन संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
आजादी का सम्मान करना युवाओं की जिम्मेदारी : डॉ. सुरभि गंगवार
कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कई महत्वपूर्ण और अनछुए पहलुओं की विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश को आजादी बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है, इसलिए स्वतंत्रता का सम्मान करना और देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाए रखना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि “आप ही देश का सुनहरा भविष्य हैं, इसलिए अपने कर्तव्यों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।”
अतिथियों का किया गया भव्य स्वागत व सम्मान
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अंजलि पांडे ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्य अशोक रस्तोगी, प्रदीप रस्तोगी, आयुष रस्तोगी, आकाश रस्तोगी, अंशुल रस्तोगी, कुमकुम रस्तोगी, सोनम रस्तोगी एवं श्वेता रस्तोगी ने अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदेश राजपूत, अवनीश चतुर्वेदी, देवेंद्र दुबे, महेंद्र राजपूत, आशुतोष अग्रवाल, मनोज तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विद्यालय की ओर से कोआर्डिनेटर उमा गुप्ता, अनूप पांडे, अमित पांडे, आनंद वर्धन, पल्लवी दीक्षित, वर्षा अग्निहोत्री, खुशी दीक्षित, अंजना राठौर, अंकुर, प्रिया गंगवार, मनु कौशल, ईशू सिंह, अलका सिंह, शिवम एवं गौरी पाठक सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। तिरंगे की शान और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी और यादगार बन गया।

