कायमगंज/ फर्रुखाबाद/
तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस जनसमस्याओं, किसानों की मांगों और एक विद्युत विभाग के अधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा का केंद्र बना रहा। उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कुल 171 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेज दिया गया।

समाधान दिवस में भारतीय किसान मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की विभिन्न समस्याएं उठाईं। उन्होंने मांग की कि लगातार विपरीत मौसम के कारण जनपद फर्रुखाबाद को सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। साथ ही किसानों की सुविधा को देखते हुए मक्का खरीद एवं तौल की समय-सीमा बढ़ाई जाए। यूनियन ने यह भी कहा कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कई गांवों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे गंदगी के ढेर लग गए हैं और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
इसी दौरान कटरा रहमत खां निवासी शाहनवाज़ खान ने विद्युत विभाग के जेई जावेद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में कहा गया कि 13 अगस्त 2025 को जेई और तत्कालीन एसडीओ ने बिना किसी पूर्व नोटिस के बंद पड़े मकान में प्रवेश कर विद्युत कनेक्शन काट दिया था, जिसे अवैध बताया गया। पीड़ित का कहना है कि इस मामले में उसने न्यायालय की शरण ली और मुकदमा दर्ज कराया।

शाहनवाज़ खान ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से जेई लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। मुकदमा वापस न लेने पर उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रची जा रही है। शिकायत के अनुसार 22 मई 2026 को कंचन तथा 20 जुलाई 2026 को कल्लू के नाम से कोतवाली में कथित रूप से फर्जी प्रार्थना पत्र दिए गए। इतना ही नहीं, जेई द्वारा पुलिस अधीक्षक से भी उनके खिलाफ शिकायत किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा, कार्यवाहक तहसीलदार हर्षित कुमार, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, कृषि विभाग के राहुल यादव, लेखपाल तामेश्वर राना, योगेंद्र सिंह, विद्युत उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया।
