फर्रुखाबाद/
परिवहन विभाग ने बकाया कर जमा न करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को आरटीओ (प्रवर्तन) कानपुर राहुल श्रीवास्तव की मौजूदगी में जिले के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों में लंबे समय से सीज खड़े 30 वाहनों की नीलामी की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कर बकाया होने के बावजूद सड़क पर संचालित मिलने वाले वाहनों को सीज कर नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।
नीलामी की कार्रवाई थाना मोहम्मदाबाद, पुलिस चौकी मदनपुर, थाना राजेपुर, पुलिस चौकी आईटीआई, पुलिस चौकी याकूतगंज और थाना जहानगंज में निरुद्ध वाहनों पर की गई। इस दौरान आरटीओ (प्रवर्तन) ने कहा कि सभी वाहन स्वामी समय पर अपना वाहन कर जमा करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद आरटीओ (प्रवर्तन) राहुल श्रीवास्तव ने जसमई-टिमरूआ मार्ग स्थित अमोनिया फैक्ट्री के पास संचालित प्रत्यायन चालक प्रशिक्षण केंद्र (एडीटीआई) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र परिसर में ‘मां के नाम एक वृक्ष’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को ड्राइविंग टेस्ट में सफल घोषित किया जाए, जिन्होंने वाहन संचालन का प्रशिक्षण सही ढंग से पूरा किया हो। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 से ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए सभी आवेदकों के लिए एडीटीआई में ड्राइविंग टेस्ट देना अनिवार्य कर दिया गया है। इसलिए प्रशिक्षण और परीक्षण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत तथा एआरटीओ (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
