फर्रुखाबाद न्यूज़:- सफाई कर रही महिला पर काल बनकर टूटी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर दर्दनाक मौत |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

Ad image

मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद |

थाना क्षेत्र के ग्राम हमीरपुर में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। घर में भैंस बांधने वाले स्थान पर साफ-सफाई कर रही 50 वर्षीय महिला के ऊपर अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। देखते ही देखते महिला मलबे के ढेर के नीचे दब गई। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन तथा ग्रामीण महिला को बचाने के लिए दौड़ पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्राम हमीरपुर निवासी सुखदेवी (50) पत्नी रूपलाल शुक्रवार सुबह अपने घर में भैंस बांधने वाले स्थान की साफ-सफाई कर रही थीं। बताया गया कि जिस स्थान पर वह सफाई कर रही थीं, वहां बनी कच्ची दीवार काफी जर्जर थी। अचानक दीवार जोरदार आवाज के साथ भरभराकर गिर पड़ी और सुखदेवी उसके मलबे में दब गईं।

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनते ही परिजन और आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। सभी ने बिना समय गंवाए मलबा हटाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला गया। परिजन गंभीर हालत में उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक पल में हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे हमीरपुर गांव को झकझोर कर रख दिया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *