प्रसव के बाद महिला की इलाज के दौरान मौत, परिवार का गलत रक्त चढ़ाने का आरोप
मैनपुरी (अजय किशोर) घिरोर स्थित करहल रोड पर संचालित श्री श्याम अस्पताल में प्रसव के उपरांत एक 21 वर्षीया नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहजहाँपुर घिरोर निवासी सृष्टि (21) को मंगलवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया गया था, जहाँ उसने सामान्य प्रक्रिया से एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। स्वजनों का दावा है कि डिलीवरी के बाद चिकित्सकों ने शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी बताकर तत्काल ब्लड चढ़ाने की सलाह दी, किंतु गलत तरीके से रक्त संचार किए जाने के कारण महिला का स्वास्थ्य अचानक गंभीर रूप से बिगड़ने लगा।
मृतका के भाई विवेक ने गंभीर आरोप लगाया है कि मरीज की हालत नाजुक होते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और वे तीमारदारों को आगरा ले जाने की बात कहते हुए मौके से चंपत हो गए, जिसके चलते महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया तथा बुधवार दोपहर अंतिम संस्कार हेतु पार्थिव शरीर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतका के भाई विवेक ने निजी अस्पताल के डॉक्टरों व कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
