मोहम्मदाबाद में दो प्रधान पक्ष आमने-सामने, गांव में भारी पुलिस बल तैनात, फरार आरोपियों की तलाश जारी |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद/

थाना क्षेत्र के निसाई गांव में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पथराव और फायरिंग होने से कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रधान पति को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, निसाई ग्राम पंचायत की प्रधान गीता देवी की ओर से मुडगांव के प्रधान रामनारायण समेत पांच नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि ग्राम समाज की जिस जमीन को कुछ समय पहले प्रशासन ने कब्जा मुक्त कराकर ग्राम पंचायत को सौंपा था, उसी पर दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई। प्रशासन द्वारा भूमि पर मेड़बंदी और पौधरोपण भी कराया गया था।

बताया गया कि रविवार को आरोपियों ने खेत की मेड़ तोड़नी शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर प्रधान के पुत्र अभय के साथ मारपीट की गई। इसके अगले दिन सोमवार सुबह करीब 11 बजे 20 से 25 लोग दोबारा मौके पर पहुंच गए और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर प्रधान पति सत्येंद्र मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि उन पर पिस्टल से हमला किया गया। उन्हें वाहन से नीचे खींचकर बेरहमी से पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अभय, मनोज, अमन, राहुल सहित अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान फायरिंग होने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घटना में गंभीर रूप से घायल सत्येंद्र को पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। तहरीर में हमलावरों पर बम से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दोनों पक्षों के प्रधानों के आवास के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। गोली लगने और अन्य चोटों की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी। बम से हमले की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *