श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन प्रसंग ने भक्तों को किया भाव-विभोर |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/ फर्रुखाबाद |

नगर के सीपी गेस्ट हाउस में स्वर्गीय श्री चंद्र प्रकाश अग्रवाल (पिक्को बाबू) एवं स्वर्गीय श्रीमती शकुंतला देवी अग्रवाल (अम्माजी) की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा हाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।

कथावाचक महाराज ने पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने नंदलाल की मनमोहक बाल लीलाओं, माखन चोरी, ग्वाल-बालों के साथ उनके स्नेह और भक्तों के प्रति उनके प्रेम का मार्मिक प्रसंग सुनाया। इसके साथ ही श्री गोवर्धन पर्वत की कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर इंद्र के अभिमान का नाश किया और ब्रजवासियों की रक्षा की। कथा के इन प्रसंगों को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा वातावरण “राधे-राधे” तथा “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।

कथा के दौरान भगवान को विशेष रूप से छप्पन भोग अर्पित किया गया। सुंदर झांकियों और भव्य सजावट ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। वहीं भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत किए गए मधुर भजनों ने श्रद्धा और भक्ति के माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। कथा के बीच-बीच में भक्तजन भजनों पर झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष फतेह बहादुर वर्मा, पूर्व विधायक एवं कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष कुलदीप गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार, भाजपा नेत्री डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, सत्य प्रकाश अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, डॉ. सुभाष गुप्ता, अनिल अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, लखपति सक्सेना, आलोक अग्रवाल, अशोक राजपूत, महेंद्र राजपूत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का मंच पर पटका पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा।

कथा के आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के अब केवल दो दिन शेष हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।

कार्यक्रम के संयोजक एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए शेष दिनों में भी कथा में सहभागिता का आह्वान किया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *