कंपिल/ फर्रुखाबाद
जिले के कंपिल थाना क्षेत्र में एक दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का गंभीर मामला सामने आया है। खेत में खरपतवार काटने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि चार लोगों ने दलित युवक को न केवल जातिसूचक अपशब्द कहे, बल्कि लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य किसान को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ SC-ST एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंपिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी पारस जाटव ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 14 जून की सुबह वह अपने भाई तीरथ के साथ खेत में खड़ी मक्का की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान गांव के रविकांत, कुशल, हर्ष और कन्हैया वहां पहुंचे और सड़क किनारे उगे गाजे (खरपतवार) को लेकर विवाद करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि बात बढ़ने पर चारों आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से पारस घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर पास के खेत में काम कर रहे किसान कबीर खां जब उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।
घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने और विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि पीड़ित पारस जाटव की तहरीर के आधार पर आरोपी रविकांत, कुशल, हर्ष और कन्हैया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 352, 352(3) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(घ) एवं 3(2)(va) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
