व्यापार मंडल में सर्जिकल स्ट्राइक: नई टीम ने गैस संकट और महंगाई के खिलाफ फूंका बिगुल, आन्दोलन की चेतावनी |

3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल में रविवार को बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल ने सीपी सभागार पहुंचकर नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। इस दौरान मनोज कौशल को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संजय गुप्ता को फर्रुखाबाद जिला अध्यक्ष, अमित सेठ को कायमगंज नगर अध्यक्ष और संजीव अग्रवाल को नगर महामंत्री नियुक्त किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि संगठन को और मजबूत तथा सक्रिय बनाने के लिए यह बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारी कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनमें सबसे बड़ी समस्या कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें और उपलब्धता की है।

उन्होंने बताया कि ईरान युद्ध के बाद गैस संकट गहराया है और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3072 रुपये पहुंच गई है। शादी-विवाह के सीजन में व्यापारी गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। इसे लेकर व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है।

उन्होंने घोषणा की कि आगामी 7 तारीख को शहर के प्रमुख चौराहे पर महंगाई के विरोध में पुतला दहन किया जाएगा। साथ ही गैस की कीमतों में कमी और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।

व्यापार मंडल ने सरकार से मांग की कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग ऑनलाइन की जाए, ताकि कालाबाजारी पर रोक लग सके और जरूरतमंद व्यापारियों को आसानी से गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इन्हें बचाना बेहद जरूरी है।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत हो रही सैंपलिंग कार्रवाई को लेकर भी व्यापारियों ने नाराजगी जताई। व्यापार मंडल ने कहा कि सैंपल फेल होने पर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद होना चाहिए। इस संबंध में आगामी 13 तारीख को केंद्र और राज्य सरकार को ज्ञापन भेजा जाएगा। चेतावनी दी गई कि यदि व्यापारियों का उत्पीड़न जारी रहा तो संगठन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, राम प्रकाश यादव, जिला महामंत्री शिव कुमार शाक्य, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष अमोल अग्रवाल, वरिष्ठ नगर मंत्री सुधीर गुप्ता, मुकेश गुप्ता, मुस्तफा भाई, महिला जिला अध्यक्ष रश्मि दुबे, महिला नगर अध्यक्ष मधु गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रेनू त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *