कायमगंज/ फर्रुखाबाद |
नगर स्थित श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी मंदिर, कोतवाली कायमगंज का छठवां वार्षिक उत्सव मंगलवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया। संगीतमय सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला एवं क्राइम इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद शुरू हुए संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे और जय श्रीराम तथा बजरंगबली के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भजनों का रसपान किया तथा भगवान हनुमान जी की आरती में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। आरती के उपरांत सैकड़ों भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं ने दक्षिणमुखी हनुमान जी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बताया गया कि लगभग छह वर्ष पूर्व कायमगंज कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक रहे डॉ. विनय राय के प्रयासों से इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया था। तब से यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, जबकि मंगलवार और शनिवार को विशेष रूप से भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी एवं महंत व प्रबंधक संगम शाक्य निरंतर निस्वार्थ भाव से मंदिर की सेवा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में मंदिर परिसर में समय-समय पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
वार्षिक उत्सव में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, प्रबंधक संगम शाक्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कन्हैया लाल, कोषाध्यक्ष अशोक गंगवार, उपाध्यक्ष दीपक शाक्य, उपाध्यक्ष कमलेश भारद्वाज, मनोज कौशल, शौर्य भारद्वाज, रामजी, मोहित दुबे, डॉ. विशाल, डॉ. गौरव गंगवार, विपिन कोहली, राज, सत्यम, अर्पित, नितिन मिश्रा सहित मंदिर समिति के सदस्य, कोतवाली स्टाफ एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
धार्मिक उल्लास और भक्ति से परिपूर्ण इस आयोजन ने नगरवासियों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ ही सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का संदेश भी दिया।
