फर्रुखाबाद।
जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में एक बार फिर बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जून से सितंबर तक चलने वाले “सम्भव अभियान 6.0” की सभी तैयारियां जिले में पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभाग के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई है। अधिकारियों का लक्ष्य इस बार प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गंभीर कुपोषण से जूझ रहे बच्चों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना है। इसके तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का शत-प्रतिशत वजन और लंबाई मापन कराया जाएगा। जिन बच्चों में गंभीर कुपोषण (SAM) की स्थिति पाई जाएगी, उनका स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण कराकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे बच्चों को आवश्यक छह प्रकार की दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें कुपोषण की गंभीर श्रेणी से बाहर लाया जा सके। वहीं गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भावस्था के दौरान वृद्धि निगरानी तथा पोषण ट्रैकर ऐप पर सभी आंकड़ों की नियमित फीडिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। छह माह से अधिक आयु के बच्चों के अभिभावकों को पूरक आहार, संतुलित भोजन और उचित पोषण संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
फर्रुखाबाद जनपद पहले भी सम्भव अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुका है। वर्ष 2024 में जिले को प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त हुआ था, जबकि वर्ष 2025 में फर्रुखाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। अब प्रशासन ने वर्ष 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी उद्देश्य से सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
जून माह में जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों का वजन और लंबाई मापन अभियान तेज गति से चल रहा है तथा गंभीर कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि समय पर पहचान और उपचार से बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालने में बड़ी सफलता मिलेगी।
इस बीच सम्भव अभियान 5.0 में उत्कृष्ट कार्य के लिए फर्रुखाबाद को प्रदेश स्तर पर सम्मान भी मिला है। निदेशालय के निर्देशों के अनुसार 18 जून 2026 को आयोजित कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, बाल विकास परियोजना अधिकारी शमसाबाद मीनाक्षी सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सोनी शर्मा तथा आंगनबाड़ी सहायिका मालती शर्मा को प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्या द्वारा सम्मानित किया गया।
सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभाग की संयुक्त टीम की सराहना की तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को सम्मानित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर कार्ययोजना, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता के बल पर फर्रुखाबाद इस वर्ष प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने में सफल होगा।
बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सम्भव अभियान 6.0 की प्रस्तावित गतिविधियों और कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने, स्वास्थ्य एवं आईसीडीएस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशासन का मानना है कि यदि अभियान में समाज, पंचायतों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई तो फर्रुखाबाद न केवल प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त करेगा बल्कि कुपोषण के खिलाफ चल रही लड़ाई में भी एक नई मिसाल कायम करेगा।
