फर्रुखाबाद।
जनपद के फतेहगढ़ क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी का बड़ा खुलासा हुआ है। जिला पूर्ति विभाग ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को भूसा मंडी मोहल्ले में एक बंद मकान पर छापेमारी कर 21 घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर बरामद किए। घनी आबादी के बीच इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का अवैध भंडारण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि जिला पूर्ति विभाग को काफी समय से क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर टीम ने मूलचंद्र यादव के मकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मकान से छोटे और बड़े दोनों प्रकार के सिलेंडर बरामद हुए, जिन्हें विभाग ने तत्काल कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
छापेमारी टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक अमित चौधरी, अमृतपुर पूर्ति निरीक्षक नितेश नायक और वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार शामिल रहे।
पूछताछ में मकान मालिक मूलचंद्र यादव ने सिलेंडरों से किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने मकान की चाबी किसी अन्य व्यक्ति को दे रखी थी। इसके बाद विभाग अब उस व्यक्ति की तलाश में जुट गया है।
रिहायशी इलाके में इतने गैस सिलेंडरों का भंडारण सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि कोई हादसा हो जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। सिलेंडर कहां से लाए गए, किसके हैं और कालाबाजारी में कौन लोग शामिल हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
